सोमवार, 18 जनवरी 2021

 

अल्हड़पन


वक्त के साथ जाने कहां खो गया

तेरा अमड़ेलापन और मेरा शहतूती अल्हड़पन

मन की गौरैया भी जाने कहां उड़ गई

छौने दहशत में हैं

कास से नहीं लहराते हम

दूब से नहीं तने हम

आओ फिर से बो दें

चाहत के बीज

पीछे वाले उजड़े जंगल में

         वीना श्रीवास्तव

         18.1.21

 


गुरुवार, 12 मई 2016

अस्त्र भेद नहीं करते इंसानों में



कबसे भटक रहे हो
कट-काट रहे हो 
मानवता के उपले बनाकर 
नफ़रत की पुआल में रेशे-रेशे जला रहे हो
मंदिर के गर्भ ग्रह
मस्जिद की अजान
गुरुद्वारे की अमृत वाणी
या फिर चर्च में सलीब की ठिठुरन में ही
क्यों काँपती है तुम्हारी निर्जीव माटी
धर्म के कुहासे में कब तक 
करते रहोगे नर संहार
कब तक कलबूते दिखाकर
दुहते रहोगे इंसानियत का दूध
बहाते रहोगे मर्यादा, भाईचारे का रक्त
इंसानवाद घायल हो रहा है
भ्रष्ट साही के काँटों से 
कछुए के खोल सरीखा
नहीं है कठोर धर्म का साम्राज्य 
पिलपिले लिज़लिजे धरातल पर 
टिकी हैं आकाओं की बस्ती
सीप में छुपे मोतियों के लिए
मत काटो उस सीपी कीड़े की कोशिकाएँ 
उसे पकने दो, मरने दो अपनी मौत
मरने के बाद खोल और मोती दोनों तुम्हारे हैं
शवों पर खड़े होकर मत झाड़ो भाषण
मत बनाओ इंसानों काे इंसानों का अस्त्र
अस्त्र का वार, बंदूक़ की गोली
भेद नहीं करती इंसानों में
वीना श्रीवास्तव

बुधवार, 9 सितंबर 2015

दोस्तों नमस्कार,
आज बहुत खुशी हो रही है आपसे मिलकर क्योंकि डेढ़ वर्ष बाद मेरा ब्लॉग खुला. ना जाने कितनी बार किस किसने यह प्रयास किया मगर मनीष जी के प्रयास से यह सम्भव हुआ. उनको बहुत-बहुत धन्यवाद....
आप लोगों से दूर रही ना ङी आपके ब्लॉग पढ़ पाई और ना ही अपनी रचनाएं आप तक पहुंचा पाई. अब यह सिलसिला नहीं टूटेगा. मुझे यकीन है आप सबका साथ अवश्य मिलेगा.....आपकी पुरानी दोस्त
वीना श्रीवास्तव


सोमवार, 23 मार्च 2015

http://neocounter.neoworx-blog-tools.net/

इसको कैसे हटाएं....प्लीज सहायता करिए. पोस्ट हो रहा है लेकिन ब्लॉग दिखता है फिर यही नियोकाऊंटर आ जाता है

जो भी समाधान हो वो कृपया
veena.rajshiv@gmail.com

पर दीजिए ताकि मैं अपना ब्लॉग देख सकूं....
मित्रों नमस्कार,
नए संवत् की सबको बहुत-बहुत शुभ कामनाएं...
काफी लम्बे समय बाद आपके साथ हूं. मेरा ब्लॉग ही नहीं खुलता. तुरंत 
http://neocounter.neoworx-blog-tools.net/
ये आ जाता है. बड़ी मुश्किल से पोस्ट कर पा रही हूं. इससे पहले भी कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुई. काफी समय से दूर हूं इसलिए ब्लॉग में हुए बदलावों के बारे में नहीं जानती. इसलिए अगर कुछ ऐसा है तो कृपया मुझे जरूर सूचित करें. मैं अब जरूर नियमित रहूंगी.

रविवार, 1 सितंबर 2013

मत बनाओ गगन का चांद


मैं
चाहती हूं
धरा पर रहना
तुम्हारे साथ
जीवन भर
अंतिम समय तक
मुझे मत बनाओ
गगन का चांद
रहने दो
अपनी बाहों में
देवी समझकर
मत अर्पण करो
पुष्प
मेरे कदमों पर
लगा दो

एक कली
मेरे बालों में
खिल जाने दो मुझे
फूल बनकर


वीना श्रीवास्तव

गुरुवार, 25 जुलाई 2013

तमन्ना के रेगिस्तान...

तमन्ना के रेगिस्तान में उड़ते हैं रेत के बादल
गुबारों के बवंडर में मैं अब फंसना नहीं चाहत

ग़में इश्क ने सोखा है मेरे जज्बात का चश्मा
हसरतों के झरने में मैं अब बहना नहीं चाह
ती

सोमवार, 22 जुलाई 2013

पॉलिथीन विरोधी अभियान....

कल पॉलिथीन विरोधी अभियान के तहत चांदनी चैक स्थित हरि राम और लक्ष्मी गणेश अपार्टमेंट में गई और वहां सारे घरों से पॉलिथीन एकत्र किये. फिर शपथ ली कि आगे से पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करेंगे... (




मंगलवार, 16 जुलाई 2013

बादलों का एक भी टुकड़ा...

बादलों का एक भी टुकड़ा
नहीं बचा आंखों में
सावन-भादों में बनाए बांधों के द्वार
खोल दिये हैं मैने
अंतर में बसी भागीरथी
विलुप्त हो गई है सरस्वती-सी
पंछियों ने भी ढूंढ लिया है नया बसेरा
शाखों से पत्ते रिस रहे हैं रेत की तरह
सूखे पत्तों से नहीं लिख पाऊंगी
तुम्हारा नाम
तुम्हारी नमी खो चुकी है
समय की भट्ठी में
तुम अब
सुलग रहे हो मेरे दिल में
मेरी ही सांसें बनकर  

मंगलवार, 28 मई 2013

इसी का नाम जिंदगी है....

इसी का नाम जिंदगी है ये हमेशा एक-सी नहीं रहती
दिन खो जाता है शाम में, रात तक सुबह नहीं पलती

जहां के आगे मिलेंगे और भी जहां, खोजो तो सही
कदम साथ बढ़े साथियों के तो दूरी नहीं खलती

अक्सर थम जाते हैं काफिले कुछ दूर बढ़ने के बाद
रुके हुए कदमों के साथ कभी जिंदगी नहीं चलती

अफसाने बदल जाते हैं हकीकत में समय के साथ
साथ हो तेरी रहनुमाई तो लम्बी डगर नहीं खलती


अफसुर्दा दिलों में कैसे खुशियों की शहनाई बजे
वाबस्तगी से महरूम दामन में जीस्त नहीं पलती

मेरे चांद में मेरे अरमानों की पूरी दुनिया आबाद है

खाली आस्मां के नीचे खाली-सी जिंदगी नहीं पलती

शनिवार, 29 दिसंबर 2012

बहादुर अनामिका को सलाम

आज एक
दुष्कर्म पीड़ित की मौत नहीं हुई
मौत हुई है
एक सभ्यता की
एक संस्कृति की
नारी की अस्मिता की
हर मां मरी है बेवक्त
हर बहन का आंचल हुआ है तार-तार
दफन हुई हैं भावनाएं
वासना के कौफीन में
सारी चिरैया उड़ चुकी हैं
मां के आंगन से
तिनके चुगने भी नहीं उतरेंगी
धरा पर
कहीं फिर से ना फंस जाए
शिकारी के जाल में
आज अगर क्रांति नहीं आई
तो मुर्दा हो जाएगी
इंसानों की बस्ती
यह वक्त नहीं विचार का
यह समय नहीं इंतजार का
क्रांति के लिए
समय मुकर्रर नहीं होता
समय आता है तो
हो जाती है क्रांति मुकरर्र
आज भी हम चुप रहे तो
मां भी सी लेगी अपनी कोख
बेबसी से
फिर नहीं जन्म देगी
किसी गुड़िया को
नहीं महकने देगी
मन के उपवन को
किसी कली से
जहां हर तरफ उगे हों कैक्टस
घिरी हों नन्हीं कलियां
बबूलों के अरण्य से
वहां कैसे चहचहाएंगी बेटियां
आज भी अगर नहीं जागे हम
जड़े रहें होंठों पर
खामोशी और भय के ताले
तो व्यर्थ जाएगी उसकी कुर्बानी
कभी नहीं महफूज हो सकेंगी
हमारी बेटियां
हमारी आधी दुनिया
आओ, उठाएं
गगन पर रखा इंद्र धनुष
और लिख दें
क्रांति की नई इबारत
चिरनिद्रा में सोने वाली
जाग रही है
करोड़ों भारतवासी की आंखों में
वो अनामिका समा गई है
आक्रोश बनकर
दिलों में
क्रांति बनकर
उतर आई है सड़कों पर
कहने
बस, अब और नहीं




शुक्रवार, 28 दिसंबर 2012

कविता-मकरंद की मिठास


  
मुझसे किसी ने कहा
कविता है
पार्थिव शब्दों का संसार
मैं नहीं मानती
इन शब्दों में भरी है
मकरंद की मिठास
सुमन की गंध की महक
प्रिया के श्रंगार का
रोमांच भरता संसार
प्रियतम के हाथों का स्पर्श
इन शब्दों में बसी है
मां का ममता
बहन का प्यार
पिता की छांव
भाई का सहारा
दुखों की वेदना
रूदन की करूण पुकार
ईश्वर का सत्य
मानवता की परिभाषा
पार्थिव नहीं हैं शब्द
इन में बसते हैं प्राण
भावनाओं के
सांसें चलती हैं
प्यार की
लहू दौड़ता है
एहसासों का
ढांचा है
यर्थाथ का
ह्रदय स्थल है
यादों का
यहां मौन होता है मुखरित
शांत स्वर से
जो करते हैं चीत्कार
अपनी पीड़ा की
ये घुलना चाहते हैं
सुरीले शब्दों में
झूलना चाहते हैं
प्रेम का झूला
हिलोरों में खेलना चाहतें हैं
सागर की
आती-जाती लहरों की भांति
उड़ना चाहते हैं
पवन के संग
अंतिम छोर तक
नहीं बंधना चाहते
सीमाओं के घेरे में
काटना चाहते हैं
समस्याओं का जाल
नहीं बिंधना चाहते
माला के सीमित दायरे में
गुंथना चाहते हैं
प्रकाश की किरणों में
बसना चाहते हैं
इंसानियत की नीड़ में
करना चाहतें हैं प्यार
इंसानों से
झड़ना चाहते हैं मुखारविंद से
फूल बनकर
भरना चाहते हैं
गरीबों की झोली
देना चाहते हैं विश्वास
मां की टूटती आस को
हर भाव के भागीदार होते हैं
ये पार्थिव शब्द
शब्द ही प्राण भर देते हैं
डूबते मन में
टिमटिमाते दिये को
रोशन कर देते हैं
सूर्य के प्रकाश से
छिपना चाहते हैं सीप में
ताकि खिल सकें
मोती बनकर
डूबना चाहते हैं
सागर की गहराई में
ताकि पा सकें उसकी थाह
निकाल सकें रत्न
और जड़ सकें
भावनाओं के अम्बर पर
बसना चाहते हैं
बाल मुस्कान में
माटी की भीनी सुगंध में
ब्रह्माण्ड के शून्य में
मंदिर-मस्जिद की प्रार्थनाओं में
और फिर...
शब्दों की किलकारी से
गूंज उठती है
बंजर भूमि की कोख
जहां लहलहाती है
विश्वास की फसल